छत्तीसगढ़

रायपुर में युवक की मिली संदिग्ध लाश, जांच में जुटी पुलिस

Shantanu Roy
20 Dec 2022 2:31 PM GMT
रायपुर में युवक की मिली संदिग्ध लाश, जांच में जुटी पुलिस
x
छग
रायपुर। रायपुर में एक और लापता युवक की लाश मिली है। पिछले 7 दिनों में ये इस तरह का तीसरा मामला है। इससे पहले दो मामलों में नाबालिगों की लाशें मिली थीं। इस बार 25 साल के युवक की लाश बरामद की गई है। स्थानीय लोग इस कांड के पीछे मर्डर कर लाश फेंके जाने का शक जाहिर कर रहे हैं। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मंगलवार सुबह मिली लाश को पुलिस ने जांच के लिए भेजा है। मामला WRS इलाके से लगे स्कूल पारा का है। मंगलवार को सुबह यहां के नाले में स्थानीय लोगों ने युवक का शव देखा। आस-पास पता किए जाने पर मृत युवक की पहचान कर ली गई। इसका नाम देवेंद्र तांडी था। छोटे पिकअप ट्रक चलाकर गुजारा किया करता था। खबर है कि WRS, खमतराई इलाके के कुछ बदमाशों से इसकी दोस्ती थी। पूर्व में कुछ लड़कों से इसका विवाद हो चुका था।
खमतराई थाने की पुलिस अब इस केस की जांच कर रही है। परिजनाें ने पुलिस को बताया है कि 5 दिन पहले घर वालों से देवेंद्र का विवाद हुआ था। इसके बाद वो घर से चला गया था। इससे पहले भी तीन-चार दिनों के लिए देवेंद्र घर छोड़कर जा चुका था। गुस्सा शांत होने पर लौट आता था। जब इस बार देवेंद्र गया तो घरवालों को यही लगा कि लौट आए। घरवालों ने पुलिस को खबर नहीं दी थी। मगर अब उसकी मौत की खबर से सब दुखी और हैरान हैं। इस मामले में युवक ने खुदकुशी की या उसकी हत्या की गई, इस पर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। परिजनों से पूछताछ में खुदकुशी करने जैसी बातें या हालात सामने नहीं आए। न ही शव पर कोई चोट या हमले के निशान पुलिस को मिले हैं जिससे हत्या की बात की पुष्टि हो सके। खमतराई पुलिस का कहना है कि इस मामले में पूछताछ जारी है, जल्द ही मौत के कारणों का पता लग सकता है। हालांकि स्थानीय लोगों को का कहना है कि युवक की हत्या के बाद उसके शव काे नाले में फेंका गया है। देवेंद्र से जिनका पुराना झगड़ा था। पुलिस उनकी भी जानकारी जुटा रही है।
इससे पहले दो ऐसे ही मामलों में लापता बच्चों की लाशें मिली हैं। पहला मामले में 8 साल की बच्ची का शव मिला था। इसे इसके 14 साल के पड़ोसी ने रेप के बाद गला दबाकर मार दिया था। दो दिन बाद पुलिस ने नाबालिग हत्यारे को पकड़ लिया था। दूसरा कांड आरंग इलाके में हुआ था। 3 दिन पहले आरंग में 10 साल के लापता बच्चे की हत्या कर दी गई। पूरा प्रकरण आरंग इलाके के भानसोज गांव का है। 10 साल का रुपेंद्र घर से गुरुवार को खेलने निकला तो लौटा ही नहीं। 6वीं क्लास के इस बच्चे के दोस्तों के घर जाकर भी परिजनों ने पता लगाया मगर कुछ जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार को इस मामले में की जानकारी पुलिस को मिली, गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई, शनिवार को इस बच्चे का शव मिला।
Next Story